लाइव हिंदी खबर :- अमेरिका में इमिग्रेशन नियम सख्त होने के बाद इस साल रिकॉर्ड स्तर पर वीजा रद्द किए गए हैं। जनवरी 2025 से अब तक 85 हजार वीजा कैंसल किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई ट्रम्प प्रशासन के इमिग्रेशन और बॉर्डर सिक्योरिटी पर बढ़ते फोकस का हिस्सा है। इसकी जानकारी US स्टेट डिपार्टमेंट ने X पर दी।

एक सीनियर अधिकारी के अनुसार रद्द किए गए वीजा में से 8 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स के थे। इनमें से लगभग आधे मामले नशे में गाड़ी चलाने, चोरी और हमले जैसे अपराधों से जुड़े थे। पिछले साल भी कैंसिल हुए वीजा में DUI का बड़ा हिस्सा था। कुछ वीजा वीजा-एक्सपायरी, आतंकवाद के समर्थन से जुड़ी जांच और अन्य गंभीर कारणों से भी रद्द किए गए हैं।
अक्टूबर में प्रशासन ने उन व्यक्तियों के वीजा भी रद्द कर दिए थे जो कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली कर्क की हत्या का जश्न मनाने के आरोपों में जांच के दायरे में आए थे। इसके अलावा, गाजा संघर्ष से जुड़े विरोध प्रदर्शनों में शामिल इंटरनेशनल स्टूडेंट्स की भी कड़ी जांच की जा रही है और कई मामलों में वीजा रद्द किए गए हैं। अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि ट्रम्प प्रशासन की नई नीति के तहत इमिग्रेशन उल्लंघन, सार्वजनिक सुरक्षा खतरा और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर जीरो टॉलरेंस लागू किया जाएगा।