लाइव हिंदी खबर :- जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल को लेकर एक अहम रिपोर्ट सामने आई है। एक अमेरिकी डेटा एनालिटिक्स कंपनी की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि भारतीय नागरिक एपस्टीन के ठिकानों पर गए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि एपस्टीन के निजी द्वीप, न्यूयॉर्क स्थित घर और अन्य प्रॉपर्टीज पर आने-जाने वाले ज्यादातर लोग अमेरिकी नागरिक थे।

डेटा कंपनी ने फ्लाइट रिकॉर्ड, विज़िटर लॉग, उपलब्ध सार्वजनिक दस्तावेज़ और यात्रा से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसमें सामने आया कि एपस्टीन के नेटवर्क में शामिल मेहमानों में अमेरिका के राजनेता, कारोबारी, वकील और मनोरंजन जगत से जुड़े लोग अधिक थे। कुछ अंतरराष्ट्रीय मेहमान जरूर थे, लेकिन भारतीय नागरिकों की मौजूदगी से जुड़ा कोई प्रमाण नहीं मिला।
रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब अमेरिका में एपस्टीन केस से जुड़ी फाइलें और तस्वीरें सार्वजनिक की जा रही हैं और दुनियाभर में कई नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। डेटा कंपनी ने स्पष्ट किया कि केवल तस्वीरों या नामों का सामने आना किसी के खिलाफ अपराध का सबूत नहीं माना जा सकता।
कंपनी का कहना है कि यदि आगे नई आधिकारिक जानकारी या दस्तावेज सामने आते हैं, तो रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा। फिलहाल उपलब्ध तथ्यों के आधार पर भारतीयों की संलिप्तता का कोई प्रमाण नहीं है।