अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का किया उत्सवपूर्वक आयोजन

लाइव हिंदी खबर :- भारतीय सेना के जवानों ने राज्य के सियांग, सियोम और सुबनसिरी घाटी क्षेत्रों में देशभक्ति और उत्साह के साथ भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया। ये सभी क्षेत्र सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। भारतीय सेना ने बताया कि अग्रिम चौकियों पर तैनात सैनिकों ने इस अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया।

अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का किया उत्सवपूर्वक आयोजन

जवानों ने राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया और देश की एकता एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को दोहराया। सेना ने कहा कि इन दुर्गम और सीमावर्ती इलाकों में तैनात हमारे सैनिकों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया। यह आयोजन राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत और एकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर जवानों ने तिरंगा फहराया, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और सीमावर्ती ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने स्थानीय युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। सेना के अधिकारियों ने कहा कि वंदे मातरम्, जिसे बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने 1875 में रचा था।

उन्होने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान करोड़ों भारतीयों में राष्ट्रभक्ति की ज्योति प्रज्वलित की थी। भारतीय सेना ने कहा कि यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय गीत की ऐतिहासिक विरासत को याद करने का अवसर था, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में देशभक्ति और एकता के संदेश को और मजबूत करने का भी प्रतीक है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top