लाइव हिंदी खबर :- जापान के आओमोरी प्रांत में सोमवार देर रात 7.5 तीव्रता का तेज भूकंप आया। स्थानीय समय के मुताबिक झटका रात 11:15 बजे महसूस हुआ। जापान टाइम्स के अनुसार भूकंप में अब तक 30 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। पहले इसकी तीव्रता 7.6 बताई गई थी, जिसे बाद में संशोधित किया गया।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप के बाद आओमोरी, इवाते और होक्काइडो प्रांतों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की थी, जिसे कुछ घंटे बाद हटा लिया गया। हालांकि, प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। एजेंसी के मुताबिक भूकंप का केंद्र जापान के तट से करीब 70 किमी दूर समुद्र में 50 किमी की गहराई पर था।

तेज झटकों के कारण कई घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है। आओमोरी शहर के कई इलाकों में सड़कें धंस गईं, जिनमें कई वाहन फंस गए। शहर में आग लगने की दो घटनाएं भी सामने आई हैं, हालांकि आग पर जल्दी काबू पा लिया गया। भूकंप के बाद आओमोरी प्रांत में करीब 2,700 घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। बिजली कंपनी ने कहा है कि मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन कुछ इलाकों में बहाली में समय लग सकता है।

मौसम एजेंसी ने चेतावनी दी है कि आने वाले सप्ताह में उत्तर-पूर्वी तट, विशेषकर होक्काइडो से चिबा क्षेत्र तक, 8 तीव्रता के और भूकंप आने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और जरूरत पड़ने पर निकासी केंद्रों का उपयोग करने की अपील की है।