लाइव हिंदी खबर :- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प मलेशिया से अपने छह साल बाद के पहले जापान दौरे पर रवाना हो गए हैं। वे आज टोक्यो पहुंचकर जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ ट्रेड और इन्वेस्टमेंट डील पर बातचीत करेंगे। ट्रम्प का पिछला जापान दौरा वर्ष 2019 में हुआ था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टोक्यो में 18 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए हैं। ट्रम्प के काफिले के मार्ग पर ट्रैफिक पूरी तरह से रोक दिया गया है और हवाई क्षेत्र को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया है। यह 2002 के बाद जापान का सबसे बड़ा सुरक्षा ऑपरेशन बताया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन विशेष रूप से सतर्क है क्योंकि पिछले पांच वर्षों में जापान के दो प्रधानमंत्रियों पर हमले हो चुके हैं। जुलाई 2022 में पूर्व पीएम शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि अप्रैल 2023 में तत्कालीन पीएम फुमियो किशिदा के भाषण के दौरान विस्फोटक हमला हुआ था।
ट्रम्प और ताकाइची की बैठक में द्विपक्षीय निवेश, व्यापारिक सहयोग, और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता पर चर्चा होने की संभावना है। यह दौरा अमेरिका-जापान संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है, खासकर उस समय जब दोनों देश एशिया में चीन के बढ़ते प्रभाव को लेकर सतर्क हैं।