लाइव हिंदी खबर :- तुर्किये में एक दर्दनाक विमान हादसे में लीबिया की सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अल-हद्दाद की मौत हो गई। इस हादसे में विमान में सवार सभी 8 लोगों की जान चली गई। दुर्घटना मंगलवार रात को हुई, जब फाल्कन-50 विमान ने अंकारा के एसनबोगा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी।

तुर्किये के गृह मंत्री अली येरलिकाया के अनुसार विमान ने टेकऑफ के करीब 30 मिनट बाद तकनीकी खराबी की सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग का संदेश भेजा। इसके कुछ ही देर बाद विमान से संपर्क टूट गया। बाद में अंकारा के पास हायमाना इलाके में विमान का मलबा बरामद किया गया।
यह लीबियाई सैन्य प्रतिनिधिमंडल तुर्किये के साथ रक्षा सहयोग से जुड़ी उच्चस्तरीय बातचीत के लिए अंकारा आया था और बैठक के बाद लीबिया लौट रहा था। हादसे में मारे गए लोगों में लीबिया के थल सेना प्रमुख जनरल अल-फितूरी घ्रैबिल, ब्रिगेडियर जनरल महमूद अल-कतावी, चीफ ऑफ स्टाफ के सलाहकार मोहम्मद अल-असावी दियाब, सैन्य फोटोग्राफर मोहम्मद ओमर अहमद महजूब और विमान के तीन क्रू मेंबर शामिल हैं।
लीबिया के प्रधानमंत्री अब्दुल-हामिद दबैबा ने फेसबुक पर बयान जारी कर जनरल अल-हद्दाद और अन्य अधिकारियों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। तुर्किये के अधिकारियों के मुताबिक हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है। इस घटना के बाद लीबिया और तुर्किये दोनों देशों में शोक की लहर है।