लाइव हिंदी खबर :- आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर ने रिलीज के महज 19 दिनों में ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 9 सौ करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म की इस बड़ी सफलता के बीच आदित्य धर ने उन लोगों को करारा जवाब दिया है, जिन्होंने फिल्म को प्रोपेगेंडा बताया था। उन्होंने बिना नाम लिए यूट्यूबर ध्रुव राठी पर भी तंज कसा है।

आदित्य धर ने अपने इंस्टाग्राम पर कई स्टोरीज रीशेयर कीं, जिनमें फिल्म और उनके काम की जमकर तारीफ हो रही है। एक पोस्ट को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि भारतीय सिनेमा में इतिहास फिर से लिखा जा रहा है। यह उन लोगों का काम है जिनके दिल में आग और देश के लिए सच्चा प्यार है। उन्होंने आगे कहा कि धुरंधर की बॉक्स ऑफिस सफलता पूरी तरह ऑर्गेनिक है और रिलीज के शुरुआती हफ्ते में कॉर्पोरेट बुकिंग का आरोप लगाने वाले लोग अब चुप हो गए हैं।
आदित्य ने एक और पोस्ट के जरिए इशारों में कहा कि हाल ही में एक वीडियो मेकर ने फिल्म की आलोचना करने की कोशिश की, लेकिन वह खुद आलोचना की लहर में बह गया। उन्होंने लिखा कि धुरंधर एक सुनामी बन चुकी है, जो 2026 तक चलने वाली है।
दरअसल यूट्यूबर ध्रुव राठी ने अपने एक वीडियो में फिल्म को प्रोपेगेंडा बताते हुए कहा था कि इसे फिक्शन कहा जा रहा है, लेकिन इसमें कई असल घटनाओं की फोटो और वीडियो का इस्तेमाल किया गया है।
इसके साथ ही ध्रुव राठी ने यह भी आरोप लगाया था कि फिल्म के जरिए आदित्य धर ने भारत पर पाकिस्तान द्वारा लगाए जाने वाले जासूसी आरोपों को सही साबित करने की कोशिश की है, जबकि भारत सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि वह पाकिस्तान में जासूस नहीं भेजती।
फिल्म की रिकॉर्डतोड़ कमाई और दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया के बीच, आदित्य धर का यह जवाब साफ संकेत देता है कि धुरंधर को लेकर चल रही बहस अब और तेज होने वाली है।