लाइव हिंदी खबर :- फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित विश्वप्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम में रविवार सुबह 9 बजे नेपोलियन और महारानी जोसेफिन के 8 कीमती गहनों की चोरी की घटना सामने आई। संस्कृति मंत्री रशीदा दाती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि संग्रहालय खुलते ही चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पेशेवर चोरों ने म्यूजियम की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और डिस्क कटर से खिड़की काटकर महज 7 मिनट में गहने चुरा लिए। चोरी में शामिल गहनों में 1855 में बना ऐतिहासिक यूजनी क्राउन भी शामिल है, जो हजारों कीमती रत्नों से जड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में पाया गया कि इस ताज के कुछ हिस्से टूटे हुए हैं, संभवतः चोरी के दौरान यह नुकसान हुआ।
चोरी की जानकारी मिलते ही म्यूजियम पूरे दिन के लिए बंद कर दिया गया। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने इसे देश की सबसे बड़ी डकैती में से एक करार दिया। उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने जांच शुरू कर दी है और चोरी हुई वस्तुओं की विस्तृत सूची तैयार की जा रही है।
सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार चोरी की यह वारदात इतनी तेजी और पेशेवराना ढंग से की गई कि म्यूजियम की सुरक्षा व्यवस्था चुनौतीपूर्ण साबित हुई। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसियों को शामिल कर मामले की तह तक पहुँचने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह चोरी फ्रांस और दुनिया के लिए सांस्कृतिक और ऐतिहासिक क्षति मानी जा रही है, क्योंकि ये गहने न केवल कीमती हैं बल्कि इतिहास की अहम निशानियां भी हैं।