लाइव हिंदी खबर :- भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार तड़के बांग्लादेशी गौ-तस्करों ने एक BSF जवान का अपहरण कर लिया। हालांकि कुछ समय बाद जवान को बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड के हवाले कर दिया गया और दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद उनकी सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह घटना पश्चिम बंगाल के कोचबिहार जिले के मेखलीगंज इलाके में शनिवार सुबह करीब 4:45 बजे हुई। BSF सूत्रों के मुताबिक अपहृत जवान का नाम बेद प्रकाश है, जो BSF की 174वीं बटालियन में तैनात हैं और अर्जुन कैंप से जुड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान BSF जवानों ने देखा कि सीमा के एक खाली हिस्से से मवेशियों का झुंड भारतीय क्षेत्र में घुस आया है। तस्करों को खदेड़ने के लिए जवान आगे बढ़े। इसी दौरान घनी धुंध के कारण बेद प्रकाश अपने साथियों से आगे निकल गए और उनसे संपर्क टूट गया। मौके का फायदा उठाकर बांग्लादेशी गौ-तस्करों ने उन्हें घेर लिया और मवेशियों के साथ बांग्लादेश की सीमा में ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही BSF सेक्टर कमांडर ने बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड से संपर्क किया। BGB की ओर से BSF को बताया गया कि भारतीय जवान पूरी तरह सुरक्षित हैं और फिलहाल बांग्लादेश के बीओपी आंगारपोटा में मौजूद हैं। बाद में तस्करों ने जवान को BGB के हवाले कर दिया। BSF अधिकारियों के अनुसार जवान को सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए फ्लैग मीटिंग और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत जारी है।
इस मामले को लेकर बांग्लादेशी मीडिया ने अलग दावा किया है। BD News 24 के मुताबिक BSF जवान गलती से सीमा पार कर बांग्लादेश की ओर 50 से 100 मीटर अंदर चले गए थे, जिसके बाद नियमित गश्त कर रही BGB टीम ने उन्हें हिरासत में लिया। फिलहाल दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच समन्वय से जवान की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की प्रक्रिया चल रही है।