लाइव हिंदी खबर :- गुजरात के कच्छ में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि इस धरती की विशेषता इसकी व्यापकता और समुद्र से जुड़ाव है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि भावनात्मक दृष्टिकोण से देखा जाए तो कच्छ की यह धरती दूर तक फैली हुई है और समुद्र से जुड़ती है। इसकी सीमाएं हमें यह जिम्मेदारी देती हैं कि हम जमीन और समुद्र दोनों पर सतर्क और मजबूत बने रहें।

उन्होंने कहा कि यहां तैनात सैनिक केवल सीमाओं की रक्षा नहीं करते, बल्कि देश की संप्रभुता और सम्मान के प्रतीक हैं। राजनाथ सिंह ने जवानों को भारत की सुरक्षा का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि देश की जनता को उन पर गर्व है। रक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में सुरक्षा चुनौतियां बढ़ रही हैं, ऐसे में सीमा पर तैनात जवानों का धैर्य, पराक्रम और अनुशासन ही देश को सुरक्षित बनाए रखता है।
उन्होंने कहा कि कच्छ की धरती ने हमेशा वीरता की कहानियां गढ़ी हैं और यहां के सैनिकों का पराक्रम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। सिंह ने जवानों को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार उनकी सुविधाओं और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत की रक्षा नीति स्पष्ट है—हम किसी पर पहले हमला नहीं करते, लेकिन यदि कोई भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा।