लाइव हिंदी खबर :- यूरोप और उत्तरी अमेरिका में बर्ड फ्लू तेजी से फैल रहा है। जंगली पक्षियों के साथ-साथ मुर्गी फार्मों में भी संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते सरकारों ने बड़े पैमाने पर मुर्गियों को मारने का फैसला लिया है।पिछले तीन महीनों में अमेरिका और कनाडा में करीब 1.6 करोड़ मुर्गियां नष्ट की गई हैं।

केवल अमेरिका में ही 18 नवंबर तक 107 स्थानों पर बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। अधिकारी इसे हाल के वर्षों का सबसे गंभीर प्रकोप मान रहे हैं। यूरोप भी इससे बुरी तरह प्रभावित है। सितंबर से नवंबर के बीच 26 यूरोपीय देशों में जंगली पक्षियों में 1,443 मामले दर्ज किए गए हैं। यह संख्या पिछले साल के मुकाबले चार गुना ज्यादा है और 2016 के बाद सबसे अधिक है।
जर्मनी में तीन साल में रिकॉर्ड मामले मिले हैं, जबकि फ्रांस ने अक्टूबर में ही पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया था। कई देशों ने पोल्ट्री फार्मों में मूवमेंट प्रतिबंध और निगरानी बढ़ाने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वायरस जंगली पक्षियों के प्रवास के दौरान सबसे तेजी से फैलता है, और सर्दियों में इसका खतरा और बढ़ जाता है। हालांकि इंसानों में संक्रमण का खतरा अभी बेहद कम माना जा रहा है, लेकिन चिकन उद्योग और पोल्ट्री व्यापार पर इसका भारी असर पड़ रहा है।