लाइव हिंदी खबर :- भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हालिया बयान पर पाकिस्तान ने कड़ी आपत्ति जताई है। पाकिस्तान ने इसे भड़काऊ, गलत और खतरनाक बताते हुए कहा कि यह बयान क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए नुकसानदेह है। दरअसल राजनाथ सिंह ने गुरुवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि आज सिंध भारत का हिस्सा नहीं है, लेकिन सभ्यता के आधार पर सिंध हमेशा भारत का अभिन्न हिस्सा रहा है। जहां तक जमीन का सवाल है, बॉर्डर कब बदल जाए कौन जानता है… कल सिंध फिर भारत में वापस आ जाए।

उनके इसी बयान पर पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि किसी देश के हिस्से पर दावा करना अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और संप्रभुता के सिद्धांतों के खिलाफ है।
पाकिस्तान ने कहा कि भारतीय नेताओं के ऐसे बयान क्षेत्र में अनावश्यक तनाव बढ़ाते हैं और इससे शांति प्रक्रिया को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
पाक विदेश मंत्रालय के बयान में यह भी कहा गया कि भारत को क्षेत्रीय विवादों और ऐतिहासिक मुद्दों को राजनैतिक भाषणों में इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। पाकिस्तान ने कहा कि सिंध पाकिस्तान का अविभाज्य हिस्सा है और उसकी सीमाओं पर किसी तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील की कि दक्षिण एशिया में स्थिरता बनाए रखने के लिए भारत को उत्तेजक बयानों से दूर रहने की सलाह दी जाए।
उधर भारत की ओर से राजनाथ सिंह के बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का बयान ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भ में था, जिसका राजनीतिक नक्शे से कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल इस बयान ने दोनों देशों के बीच एक नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है।