लाइव हिंदी खबर :- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने विदेश दौरे के दौरान भारत की ताकत और मौजूदा चुनौतियों पर खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया को बहुत कुछ देने की क्षमता रखता है। चाहे वह हमारी परंपराएं हो, हमारी सोच का तरीका हो, सूचना प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग क्षमता या फिर स्वास्थ्य सेवा प्रणाली।

राहुल गांधी ने कहा कि मैं भारत को लेकर बेहद आशावादी हूं क्योंकि हमारे पास वह सब है, जो पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बन सकता है, लेकिन इसके साथ ही यह भी सच है कि हमारे देश की संरचना में कुछ फॉल्ट लाइंस भी मौजूद हैं। उन्होंने सबसे बड़ी चुनौती के तौर पर भारत में लोकतंत्र पर हो रहे हमलों को बताया।
उनका कहना था कि भारत की ताकत उसकी विविधता में है यहाँ कई धर्म, परंपराएं, भाषाएं हैं और यह भारत को अनोखा बनाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत असल में सभी लोगों के बीच चलने वाली एक बातचीत है, यही बातचीत हमें जोड़ती है और आगे बढ़ाने की राह दिखाती है, लेकिन जब लोकतंत्र पर हमला होता है, तो यही सबसे बड़ा खतरा बन जाता है।
राहुल गांधी ने इस मौके पर भारत के वैश्विक योगदान पर भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि यदि भारत अपनी आंतरिक लोकतांत्रिक चुनौतियों को पार कर लेता है, तो यह दुनिया का नेतृत्व करने में सक्षम हो सकता है। उनका संबोधन भारतीय प्रवासी समुदाय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भारत की छवि और उसकी दिशा को लेकर गहन चर्चा का विषय बन गया है।