लाइव हिंदी खबर :- श्रीलंका में साइक्लोन दितवाह से आई भारी तबाही के बीच पाकिस्तान की ओर से भेजी गई राहत सामग्री पर नया विवाद खड़ा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने जो फूड पैकेट श्रीलंका को मदद के तौर पर भेजे, उनमें से कई पैकेट एक्सपायर्ड पाए गए। वायरल हुई तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि पैकेट पर एक्सपायरी डेट अक्टूबर 2024 लिखी हुई है।

रिपोर्ट्स में बताया गया कि पाकिस्तान ने पानी, दूध पाउडर, आटा और अन्य रोजमर्रा की जरूरतों वाली सामग्री भेजी थी। पाकिस्तान हाई कमीशन श्रीलंका ने 30 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहत सामग्री की तस्वीरें साझा की थीं। इन्हीं तस्वीरों में एक्सपायर्ड पैकेट्स देखे गए, जिसके बाद यह मुद्दा तेजी से चर्चा में आ गया।
पोस्ट वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान की आलोचना की है। लोगों का कहना है कि संकट में फंसे देश को मदद भेजते समय कम से कम सुरक्षित और मान्य सामग्री भेजी जानी चाहिए। हालांकि पाकिस्तान की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
श्रीलंका इस समय साइक्लोन दितवाह के कारण गंभीर बाढ़ से जूझ रहा है। अब तक 390 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 370 लोग लापता बताए जा रहे हैं। 11 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं और करीब 2 लाख लोग शेल्टर होम में शरण लेने को मजबूर हैं। ऐसे मुश्किल समय में एक्सपायर्ड राहत सामग्री भेजे जाने की घटना ने मानवता और कूटनीति दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।