लाइव हिंदी खबर :- हिमाचल प्रदेश के मंडी में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। इसी बीच भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंडी क्षेत्र का दौरा किया। बता दें कि यह उनका इस आपदा प्रभावित इलाके का दूसरा दौरा है। कंगना रनौत ने स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मेरा दूसरा दौरा है और इस समय मैं मंडी क्षेत्र में हूं।

यह बहुत दुख की बात है कि हमारा मंडी क्षेत्र हिमाचल प्रदेश और इसके साथ ही उत्तराखंड, पंजाब किसी न किसी रूप में लोग ऐसी समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ और प्राकृतिक आपदा ने लोगों के जीवन को गहराई से प्रभावित किया है। गांव-गांव में तबाही के निशान देखे जा सकते हैं। कई घर नष्ट हो गए हैं, सड़के और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा लोग अपने रोजमर्रा के जीवन को पटरी पर लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
भाजपा सांसद ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनका हाल-चाल जाना, उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम दे रही हैं। कंगना रनौत ने सभी से एकजुट होकर इस कठिन घड़ी में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल और पड़ोसी राज्यों के लोग बेहद कठिन चुनौती से गुजर रहे हैं।