20 साल बाद साथ आए ठाकरे भाई, BMC चुनाव में शिवसेना (UBT) और मनसे का गठबंधन

लाइव हिंदी खबर :- महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। करीब 20 साल बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक बार फिर साथ चुनाव लड़ने जा रहे हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका समेत राज्य के नगर निगम चुनावों के लिए गठबंधन का ऐलान किया है। बुधवार को दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी औपचारिक घोषणा की।

20 साल बाद साथ आए ठाकरे भाई, BMC चुनाव में शिवसेना (UBT) और मनसे का गठबंधन

उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारी सोच एक है। अगर हम बंटेंगे तो बिखरेंगे। महाराष्ट्र के हित में हम सब एक हैं। उन्होंने साफ किया कि यह गठबंधन सिर्फ चुनावी मजबूरी नहीं, बल्कि महाराष्ट्र और मुंबई के भविष्य को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला है। राज ठाकरे ने भी गठबंधन का समर्थन करते हुए कहा कि मराठी मानुष और मुंबई के विकास के लिए एकजुट होना जरूरी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले दोनों भाई शिवाजी पार्क स्थित बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। यह दृश्य ठाकरे परिवार और समर्थकों के लिए भावुक करने वाला रहा। पिछले पांच महीनों में यह दूसरा मौका है जब उद्धव और राज ठाकरे एक मंच पर नजर आए। इससे पहले जुलाई में मुंबई के वर्ली डोम में हुई मराठा एकता रैली में दोनों साथ दिखे थे। इससे पहले वे 2006 में बालासाहेब ठाकरे की एक रैली में साथ नजर आए थे।

महाराष्ट्र में अगले साल जनवरी में 29 नगर निगमों के चुनाव होने हैं, जिनमें BMC और पुणे नगर निगम जैसे बड़े निकाय शामिल हैं। मतदान 15 जनवरी को होगा, जबकि नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ठाकरे भाइयों का यह गठबंधन मुंबई की राजनीति में बड़ा असर डाल सकता है और चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि 20 साल बाद बना यह साथ किस हद तक जनता का भरोसा जीत पाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top