लाइव हिंदी खबर :- गोवा के नाइट क्लब बर्च बाय रोमियो लेन में लगी आग के मामले में मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड से भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। थाई पुलिस ने दोनों को 11 दिसंबर को फुकेट में हिरासत में लिया था और अब उन्हें बैंकॉक ले जाया जा रहा है। बैंकॉक के सुवर्णभूमि एयरपोर्ट पर भारतीय एजेंसियां दोनों आरोपियों को अपनी कस्टडी में लेंगी।

पासपोर्ट रद्द होने के बाद भारतीय दूतावास उन्हें इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी करेगा। इसके बाद दोनों को बैंकॉक से दिल्ली और फिर दिल्ली से गोवा लाया जाएगा। अनुमान है कि पूरी प्रक्रिया में करीब चार दिन लगेंगे और दोनों सोमवार तक दिल्ली पहुंच सकते हैं। दिल्ली पहुंचते ही गोवा पुलिस उन्हें औपचारिक रूप से हिरासत में ले लेगी।
इस बीच लूथरा ब्रदर्स को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ और गौरव लूथरा न सिर्फ ‘बर्च’ क्लब बल्कि अन्य 42 कंपनियों से भी जुड़े हुए हैं। इनमें से कई कंपनियां सिर्फ कागजों पर मौजूद फर्जी कंपनियां बताई जा रही हैं। खास बात यह है कि सभी 42 कंपनियां दिल्ली के एक ही पते 2590, ग्राउंड फ्लोर, हडसन लाइन, नार्थ वेस्ट दिल्ली पर रजिस्टर्ड हैं।
गोवा अग्निकांड के बाद से लूथरा ब्रदर्स फरार थे। आग में कई लोगों की मौत और गंभीर लापरवाही के आरोपों के चलते उन्हें भारत लाना जरूरी माना जा रहा है। पुलिस अब इन कंपनियों की जांच के साथ वित्तीय अनियमितताओं के पहलू को भी खंगाल रही है।