लाइव हिंदी खबर :- बांग्लादेश के लक्ष्मीपुर सदर इलाके में शुक्रवार देर रात हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात उपद्रवियों ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के एक नेता के घर को बाहर से बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में 7 साल की मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे हुई। जिस घर को निशाना बनाया गया, वह BNP नेता बिलाल हुसैन का बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोग बाहर निकलने का कोई मौका नहीं पा सके। इस हादसे में बिलाल हुसैन की 7 वर्षीय बेटी आयशा अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में बिलाल हुसैन खुद भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इसके अलावा उनकी दो अन्य बेटियां—सलमा अख्तर (16 वर्ष) और सामिया अख्तर (14 वर्ष)—भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं। बिलाल हुसैन का इलाज लक्ष्मीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि दोनों बेटियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए ढाका रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावरों ने पहले घर को बाहर से बंद किया और फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस घटना से एक दिन पहले भी इलाके में हिंसा की खबर सामने आई थी, जिसमें एक हिंदू युवक को जिंदा जलाए जाने का आरोप लगा था। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।