लाइव हिंदी खबर :- बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के तहत पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के वरिष्ठ नेता तारिक रहमान 17 साल बाद देश लौट आए हैं। मंगलवार को उनके बांग्लादेश पहुंचते ही ढाका एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में भारी उत्साह देखने को मिला। BNP के करीब एक लाख समर्थक और कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए सड़कों पर उतर आए, जिससे पूरा इलाका पार्टी के झंडों और नारों से गूंज उठा।

तारिक रहमान 2008 में तत्कालीन शेख हसीना सरकार के दौरान भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तारी से बचने के लिए लंदन चले गए थे। तभी से वे निर्वासन में रह रहे थे। अब ऐसे समय में उनकी वापसी हुई है, जब देश में राजनीतिक हालात तेजी से बदल रहे हैं। बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी को आम चुनाव प्रस्तावित हैं और शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद BNP को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
BNP अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की उम्र करीब 80 साल हो चुकी है और वे लंबे समय से बीमार चल रही हैं। ऐसे में पार्टी के भीतर और बाहर यह चर्चा तेज है कि तारिक रहमान आगामी चुनावों में पार्टी का चेहरा बन सकते हैं और प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हो सकते हैं।
तारिक रहमान ने अपनी वापसी पर सोशल मीडिया के जरिए भावनाएं साझा कीं। उन्होंने फेसबुक पर सिलहट से पोस्ट करते हुए लिखा कि आखिरकार सिलहट में बांग्लादेश की धरती पर! इससे पहले उन्होंने लिखा था, लंबे 6,314 दिनों के बाद, बांग्लादेश के आसमान में।” उनकी इन पोस्ट्स को समर्थकों ने बड़े पैमाने पर साझा किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तारिक रहमान की वापसी से बांग्लादेश की राजनीति में नया मोड़ आ सकता है और आगामी चुनाव और भी रोचक हो जाएंगे।