
लाइव हिंदी खबर :- भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। कुछ ही घंटे पहले उन्हें फिट घोषित किया गया था लेकिन फिटनेस टेस्ट के दौरान लगी नई चोट ने उनकी वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब टीम प्रबंधन को उनके विकल्प पर विचार करना होगा।
फिटनेस टेस्ट के दौरान बढ़ी परेशानी
जानकारी के अनुसार हार्दिक पंड्या बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट दे रहे थे। टेस्ट के अंतिम चरण में उन्होंने अपनी फिटनेस साबित करने के लिए 10 ओवर गेंदबाजी की, इसी दौरान उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया, माना जा रहा है कि लंबे समय बाद लगातार गेंदबाजी करने से मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा जिसके कारण यह नई समस्या सामने आई।
पहले से चल रही थी चोट की परेशानी
हार्दिक आईपीएल 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए पीठ की जकड़न से परेशान थे। इसी चोट से उबरने के बाद वह फिटनेस क्लियरेंस लेने पहुंचे थे, मंगलवार को उन्हें फिट घोषित कर दिया गया था और उम्मीद थी कि वह जल्द ही भारतीय टीम के साथ जुड़ जाएंगे हालांकि नई चोट के कारण उनकी वापसी एक बार फिर टल गई है।
तीन सप्ताह तक रह सकते हैं मैदान से दूर
रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक को पूरी तरह फिट होने में कम से कम तीन सप्ताह का समय लग सकता है, इस दौरान उन्हें रिकवरी प्रक्रिया से गुजरना होगा, टीम प्रबंधन उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि वह जल्द से जल्द मैदान पर वापसी कर सकें।
शनिवार से शुरू होगी वनडे सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से शुरू होगी, पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा जबकि दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ और तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई में होगा, हार्दिक की गैरमौजूदगी टीम के संतुलन को प्रभावित कर सकती है, क्योंकि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।