लाइव हिंदी खबर :- सोना और चांदी के दामों में लगातार गिरावट का दौर जारी है, 10 जून को जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार चांदी की कीमत में एक दिन में 9,658 रुपए प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, इसके बाद चांदी का भाव घटकर 2.36 लाख रुपए प्रति किलो रह गया, खास बात यह है कि पिछले 10 दिनों में चांदी की कीमत करीब 27 हजार रुपए तक कम हो चुकी है इससे सर्राफा बाजार और निवेशकों के बीच हलचल बढ़ गई है।

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी बड़ी कमी देखने को मिली है। 24 कैरेट सोने का भाव 4,090 रुपए प्रति 10 ग्राम घटकर लगभग 1.48 लाख रुपए पर पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों से सोने में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिससे निवेशकों के लिए बाजार की दिशा समझना चुनौतीपूर्ण हो गया है, विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक परिस्थितियों का असर कीमती धातुओं पर साफ दिखाई दे रहा है।
इस वर्ष की शुरुआत में सोना और चांदी दोनों ने रिकॉर्ड ऊंचाई हासिल की थी, जनवरी के अंत में सोने की कीमत लगभग 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी। वहीं चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर छुआ था। अब उन रिकॉर्ड स्तरों की तुलना में सोना करीब 28 हजार रुपए और चांदी लगभग 1.50 लाख रुपए तक सस्ती हो चुकी है।
मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अनिश्चितता के कारण निवेशकों का रुख बदल रहा है, कई निवेशक फिलहाल जोखिम से बचने के लिए बाजार से पैसा निकालकर नकदी रखना पसंद कर रहे हैं, इसका सीधा असर सोना और चांदी की मांग पर पड़ रहा है, जिससे कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है।
बाजार जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और निवेशकों की रणनीति के आधार पर सोना-चांदी के दामों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी में निर्णय लेने के बजाय बाजार की स्थिति पर नजर बनाए रखनी चाहिए।