लाइव हिंदी खबर :- मेडिकल साइंस ने एक ऐसे क्षेत्र में कदम बढ़ाया है, जिसे लंबे समय से भविष्य की सबसे बड़ी खोज माना जा रहा था। पहली बार ऐसी तकनीक का इंसानों पर परीक्षण शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करना और शरीर की कोशिकाओं को फिर से सक्रिय बनाना है। इस प्रयोग ने वैज्ञानिक जगत में नई उम्मीदें पैदा कर दी हैं।

अमेरिका के बोस्टन स्थित एक बायोटेक कंपनी ने अपने पहले मानव परीक्षण की शुरुआत की है। इस ट्रायल में ग्लूकोमा यानी काला मोतिया से पीड़ित एक मरीज की आंख में विशेष जीन थेरेपी इंजेक्शन लगाया गया वैज्ञानिकों का मानना है कि यह तकनीक कमजोर हो चुकी कोशिकाओं को दोबारा युवा और सक्रिय बनाने में मदद कर सकती है।
इस उपचार में जीन थेरेपी का उपयोग किया गया है इंजेक्शन लगाने के बाद मरीज को कुछ समय तक विशेष दवाएं दी जाएंगी ये दवाएं शरीर में मौजूद खास जीनों को सक्रिय करेंगी, जो कोशिकाओं की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने का काम करेंगे। शोधकर्ताओं का लक्ष्य केवल बीमारी का इलाज करना नहीं, बल्कि उम्र बढ़ने के प्रभावों को भी कम करना है।
इससे पहले चूहों और बंदरों पर किए गए परीक्षणों में उत्साहजनक नतीजे सामने आए थे कई मामलों में उनकी दृष्टि में सुधार देखा गया। यही कारण है कि वैज्ञानिक अब इस तकनीक को इंसानों पर आजमा रहे हैं आंख को परीक्षण के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि यह शरीर का अपेक्षाकृत सुरक्षित और अलग हिस्सा माना जाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह परीक्षण सफल रहता है तो चिकित्सा विज्ञान में एक नई क्रांति आ सकती है भविष्य में ऐसी तकनीकें उम्र बढ़ने से जुड़ी कई समस्याओं को कम करने और लोगों को लंबे समय तक स्वस्थ जीवन देने में मदद कर सकती हैं फिलहाल वैज्ञानिक आने वाले महीनों में इसके परिणामों और सुरक्षा पर बारीकी से नजर रखेंगे।