चीन में भयानक हेलिकॉप्टर क्रैश, क्रैश के बाद भी घूमता रहा हेलिकॉप्टर

लाइव हिंदी खबर :- चीन के वुजिन शहर में एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस हादसे ने लोगों को हैरान कर दिया, क्योंकि जमीन पर गिरने और दो हिस्सों में टूट जाने के बाद भी हेलिकॉप्टर के रोटर ब्लेड तेज गति से घूमते रहे। यह दुर्घटना गुरुवार दोपहर करीब दो बजे हुई। हादसे के समय आसपास मौजूद लोग अचानक हुए इस दृश्य को देखकर घबरा गए और मदद करना चाहते थे लेकिन हेलिकॉप्टर के घूमते ब्लेड के कारण कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका।

चीन में भयानक हेलिकॉप्टर क्रैश, क्रैश के बाद भी घूमता रहा हेलिकॉप्टर

हादसे के बाद हेलिकॉप्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके दो बड़े हिस्से हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कॉकपिट में फंसे दोनों पायलट जिंदा बच गए। वीडियो में देखा गया कि एक पायलट दरवाजे से आधा बाहर लटका हुआ था और लगातार झटके खा रहा था। इसके बावजूद दोनों की जान बच गई जिसका सबसे बड़ा कारण उनकी सीट बेल्ट रही। सीट बेल्ट ने उन्हें हेलिकॉप्टर से बाहर गिरने से बचाए रखा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गईं दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार एक पायलट को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि दूसरा अभी निगरानी में है। राहत की बात यह है कि दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस हादसे का वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे बेहद डरावना बताया है वीडियो में साफ दिखाई देता है कि क्रैश के बाद भी हेलिकॉप्टर काफी देर तक चरखी की तरह घूमता रहा। ऐसे हादसों में सीट बेल्ट और सुरक्षा नियमों का पालन जान बचाने में बेहद अहम भूमिका निभाता है।

स्थानीय प्रशासन और विमानन विभाग ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अभी तक दुर्घटना की सही वजह सामने नहीं आई है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top