लाइव हिंदी खबर :- आमिर खान की सुपरहिट फिल्म लगान के 25 साल पूरे होने और आमिर खान प्रोडक्शंस की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर मुंबई में एक भव्य सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारे एक ही छत के नीचे नजर आए। कार्यक्रम में सलमान खान, करीना कपूर, रेखा, जूही चावला, काजोल, किरण राव और कई अन्य कलाकार शामिल हुए। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा सलमान खान के नए लुक और उनकी आमिर खान के साथ शानदार बॉन्डिंग की रही। इवेंट में सलमान खान बेहद अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने अल्ट्रा-शॉर्ट हेयरस्टाइल अपनाया था जिसे देखकर फैंस को उनकी पुरानी फिल्म तेरे नाम की याद आ गई।

सोशल मीडिया पर उनके इस नए लुक की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। सलमान का आत्मविश्वास और स्टाइल हमेशा की तरह आकर्षण का केंद्र रहा। फैंस उनके इस नए अवतार की खूब तारीफ कर रहे हैं और इसे उनका एक और शानदार ट्रांसफॉर्मेशन बता रहे हैं। इवेंट के दौरान एक खास पल तब देखने को मिला जब सलमान और आमिर साथ में फोटो खिंचवा रहे थे। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और मजाक-मस्ती करते नजर आए। इसी दौरान आमिर ने मुस्कुराते हुए सलमान के एब्स को भी छुआ जिसे देखकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
पैपराजी के लगातार पोज देने के अनुरोध पर सलमान ने मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी जिसे देखकर आमिर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। दोनों की यह दोस्ती और सहजता फैंस को बेहद पसंद आई। इस खास समारोह में करीना कपूर अपने स्टाइलिश लुक में नजर आईं वहीं रेखा ने अपनी पारंपरिक सफेद साड़ी और भारी ज्वेलरी से सभी का ध्यान खींचा। जूही चावला, सान्या मल्होत्रा, ग्रेसी सिंह, अली फजल और ऋचा चड्ढा समेत कई कलाकारों ने इस शाम को यादगार बनाया। आमिर खान की बेटी इरा खान और उनके पति नूपुर शिखरे भी इस मौके पर मौजूद रहे।
साल 2001 में रिलीज हुई लगान भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। यह फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफल रही बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। फिल्म को ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी में नामांकन मिला था। आज 25 साल बाद भी लगान की कहानी इसके गीत और कलाकारों का अभिनय दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं।