लाइव हिंदी खबर :- पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम को कलकत्ता हाईकोर्ट में चुनौती दी है। मंगलवार को वह खुद हाईकोर्ट पहुंचीं और चुनाव नतीजे की वैधता की जांच कराने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की। ममता का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया और मतगणना के दौरान कई अनियमितताएं हुईं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। भवानीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से हराया था। यह सीट ममता के लिए काफी अहम मानी जाती रही है क्योंकि वह यहां से पहले तीन बार विधायक चुनी जा चुकी हैं।

विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित हुए थे जिसमें भाजपा ने 208 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया जबकि तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर जीत मिली। ममता बनर्जी ने चुनाव नतीजों के दौरान ही मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि कई सीटों पर जानबूझकर मतगणना रोक दी गई और भाजपा तथा चुनाव आयोग मिलकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि काउंटिंग सेंटर में उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें अंदर जाने से रोका गया। ममता ने कहा था कि उनके पोलिंग एजेंट को भी जबरन बाहर निकाल दिया गया था।
रिजल्ट आने से एक दिन पहले 3 मई को भवानीपुर के काउंटिंग सेंटर के बाहर भी काफी हंगामा हुआ था। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा के झंडे लगी एक कार को बिना जांच के स्ट्रॉन्गरूम परिसर में प्रवेश दिया गया। इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया था। ममता बनर्जी के आरोपों पर भाजपा नेता और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि ममता बनर्जी हार की आशंका से परेशान थीं और इसलिए इस तरह के आरोप लगा रही हैं। शुभेंदु ने ईवीएम और मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया था। अब यह मामला अदालत पहुंच चुका है और सभी की नजरें कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हुई हैं।