आयरलैंड के खिलाफ भारत की शानदार शुरुआत, प्रिंस यादव ने लिया पहला टी-20 इंटरनेशनल विकेट

लाइव हिंदी खबर :- भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला बेलफास्ट में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बारिश की संभावना को देखते हुए टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी को बेहतर विकल्प माना। पहले मैच में मिली हार के बाद भारत के लिए यह मुकाबला सीरीज में बने रहने के लिहाज से बेहद अहम है। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही आयरलैंड पर दबाव बनाए रखा। हर्षित राणा ने टीम को पहली सफलता दिलाते हुए टिम टेक्टर का विकेट लिया।

इसके बाद अर्शदीप सिंह ने रॉस अडायर को आउट कर भारत की पकड़ मजबूत कर दी। डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने लॉर्कन टकर को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराकर अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किया। नौ ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 53 रन था। इस मुकाबले में सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव को भारत की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला। वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लगातार दूसरे मैच में भी अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली।

दोनों नए खिलाड़ियों के शामिल होने से टीम को नई ऊर्जा मिली है और खासकर प्रिंस यादव ने अपने पहले ही मैच में विकेट लेकर प्रभावित किया। पहला मुकाबला हारने के कारण भारत पर सीरीज बचाने का दबाव है। यदि आयरलैंड यह मैच जीत जाता है तो वह पहली बार भारत के खिलाफ कोई टी-20 सीरीज अपने नाम करेगा। ऐसे में भारतीय टीम हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश कर रही है। शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत दिलाई है और अब बल्लेबाजों पर जीत की राह आसान बनाने की जिम्मेदारी होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top