लाइव हिंदी खबर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 135वें एपिसोड में कहा कि भारत आज समुद्र से लेकर आकाश तक पहले से अधिक सुरक्षित और मजबूत बन रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में डीआरडीओ ने स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इसके साथ ही मेड इन इंडिया अभियान के तहत तैयार किए गए C-295 विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी की है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे 40 से अधिक विमान बनाए जा रहे हैं जो रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को नई मजबूती देंगे।

प्रधानमंत्री ने योग के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। अहमदाबाद में हुई विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत ने 114 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। इनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं जो देश के लिए गर्व की बात है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने असम, मेघालय और नगालैंड की कई प्रेरक पहल का जिक्र किया। उन्होंने असम की हरगिला आर्मी की सराहना करते हुए बताया कि इस अभियान ने लोगों की सोच बदलकर दुर्लभ पक्षी के संरक्षण में अहम भूमिका निभाई।
मेघालय के जीवित रूट ब्रिजों को प्रकृति और मानव के अद्भुत सहयोग का उदाहरण बताया जबकि नगालैंड की बेबी फुटबॉल लीग और महिला फुटसल लीग को बच्चों और युवाओं के विकास के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के एक परिवार द्वारा शादी के अवसर पर पूरे गांव के लोगों के लिए दुर्घटना बीमा कराने की पहल की सराहना की। बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय में शास्त्रार्थ की प्राचीन परंपरा को फिर से शुरू किए जाने को भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज को मजबूत बनाने और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।