लाइव हिंदी खबर :- अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की तैयारी की जा रही है। केंद्र सरकार वर्ष 2029 तक बालटाल मार्ग पर आधुनिक केबल कार सेवा शुरू करने की योजना बना रही है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को 14 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई का अधिकांश हिस्सा पैदल तय नहीं करना पड़ेगा। बालटाल से संगम टॉप तक का सफर, जो अभी 5 से 8 घंटे में पूरा होता है, वह केवल 25 से 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड ने इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है और इसे मंजूरी भी मिल चुकी है। जानकारी के अनुसार इस वर्ष के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अप्रैल 2027 से निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। करीब 11.6 किलोमीटर लंबे इस रोपवे पर लगभग 1200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह परियोजना केंद्र सरकार की पर्वतमाला योजना के तहत विकसित की जा रही है।
केबल कार का अंतिम स्टेशन अमरनाथ गुफा से लगभग दो किलोमीटर पहले संगम टॉप पर बनाया जाएगा। धार्मिक और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए केबल कार को सीधे गुफा तक नहीं ले जाया जाएगा। वहां से श्रद्धालु पैदल, पालकी या अन्य उपलब्ध साधनों से गुफा तक पहुंच सकेंगे। इस व्यवस्था से यात्रा सुरक्षित होने के साथ-साथ बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को भी काफी सुविधा मिलेगी।
नई केबल कार सेवा शुरू होने के बाद हर घंटे लगभग 1500 से 2000 श्रद्धालु यात्रा कर सकेंगे। इससे प्रतिदिन करीब 20 हजार यात्रियों के आने-जाने की क्षमता विकसित होगी। हालांकि सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण अंतिम दो से तीन किलोमीटर का रास्ता बंद रहने से यात्रा केवल निर्धारित मौसम में ही संचालित होगी। यह परियोजना अमरनाथ यात्रा को अधिक सुरक्षित तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।