लाइव हिंदी खबर :- एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनोट ने योग गुरु बाबा रामदेव की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने सोशल मीडिया पर बाबा रामदेव को जवाब देते हुए कहा कि उन्हें उनकी जवानी या निजी जिंदगी के बारे में सपने नहीं देखने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनके चरित्र पर सवाल उठाने से पहले बाबा रामदेव को अपने बारे में सोचना चाहिए। यह विवाद कंगना के जनरेशन गटर वाले बयान से शुरू हुआ था। कंगना ने हाल ही में युवा हिंदू महिलाओं के एक वर्ग की सोच और जीवनशैली पर टिप्पणी करते हुए उन्हें जनरेशन गटर कहा था। उनके इस बयान पर बाबा रामदेव ने नाराजगी जताई।

एक इंटरव्यू में बाबा रामदेव ने कंगना की टिप्पणी को गलत बताते हुए कहा था कि देश के युवाओं के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है। उन्होंने यह भी कहा था कि युवा किसी एक जाति या वर्ग से नहीं आते बल्कि समाज के हर वर्ग के लोग युवाओं का हिस्सा हैं। जब बाबा रामदेव से पूछा गया कि कंगना कभी उनकी प्रशंसक रही हैं तो उन्होंने कहा कि किसी के योग की तारीफ करने से उसके दूसरे बयानों को सही नहीं माना जा सकता। इसके बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए जवाब दिया।
उन्होंने बाबा रामदेव पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें उनके निजी जीवन और बेडरूम के बारे में कल्पना नहीं करनी चाहिए। कंगना ने यह भी दावा किया कि उन्हें कभी झूठे या फर्जी मेडिकल दावों को लेकर सुप्रीम कोर्ट से फटकार नहीं मिली और इसलिए उन्हें चरित्र का पाठ नहीं पढ़ाया जाना चाहिए। कंगना ने अपने पुराने बयान में कहा था कि आजादी की बात करने वाली महिलाओं को अपने फैसलों की जिम्मेदारी भी खुद उठानी चाहिए। इसी टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हुई थी। अब बाबा रामदेव और कंगना के बीच जवाबी बयानबाजी के बाद यह विवाद और चर्चा में आ गया है।