दक्षिण अमेरिकी देश के सैन्य अड्डे पर भीषण धमाका, कई लोगों की मौत

लाइव हिंदी खबर :- दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ। पश्चिमी शहर वियाचा में स्थित एक सैन्य अड्डे पर अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में काले धुएं का घना गुबार दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जबकि कम से कम 58 लोग घायल बताए जा रहे हैं।


बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो के अनुसार विस्फोट दोपहर करीब 2:30 बजे उस हिस्से में हुआ, जहां रक्षा मंत्रालय का पटाखों का स्टॉक रखा जाता था। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या 10 से 15 के बीच हो सकती है। फिलहाल विस्फोट की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हादसे में घायल हुए लोगों में बड़ी संख्या आम नागरिकों की है बताया गया है कि 52 नागरिक समेत सैन्यकर्मी भी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को बेहतर इलाज के लिए राजधानी ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया है। इनमें एक बच्ची भी शामिल है जो करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई है।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि सैन्य अड्डे के आसपास मौजूद कई घरों की खिड़कियां टूट गईं और लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद एंबुलेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमों को मौके पर भेजा गया। राहत और बचाव का काम लगातार जारी है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर अभी भी गर्मी का एक स्रोत मौजूद है इसके कारण दोबारा विस्फोट होने की आशंका बनी हुई है सुरक्षा को देखते हुए लोगों को घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की सलाह दी गई है अधिकारी अब हादसे के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top