एक्टर मुश्ताक खान को आज अंतिम विदाई, राजपाल यादव बोले- निधन से 2 घंटे पहले मिला था

लाइव हिंदी खबर :- फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने वेलकम, आशिकी, हेरा फेरी और स्’ जैसी कई लोकप्रिय फिल्मों में काम किया था। बताया गया कि वह लंबे समय से फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे थे। गुरुवार शाम करीब 7 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के अनुसार शुक्रवार सुबह जुमे की नमाज से पहले मुंबई के मॉडल टाउन स्थित कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में मुश्ताक खान के अंतिम दर्शन कराए जाएंगे। लोग सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक उन्हें अंतिम विदाई दे सकेंगे। इसके बाद जुमे की नमाज के बाद जनाजे की नमाज होगी और फिर यारी रोड कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

मुश्ताक खान के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अभिनेता राजपाल यादव ने बताया कि वह निधन से करीब दो घंटे पहले ही मुश्ताक खान से मिलकर आए थे। सनी देओल, अनुपम खेर और फिल्म जगत से जुड़े कई अन्य लोगों ने भी उनके निधन पर दुख जताया। मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम के मुताबिक उन्हें करीब पांच साल पहले कैंसर का पता चला था। इलाज के बाद वह ठीक भी हो गए थे, लेकिन करीब आठ दिन पहले बीमारी दोबारा लौट आई। इसके बाद उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि इस बार बीमारी काफी गंभीर अवस्था में थी।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर में जन्मे मुश्ताक खान ने थिएटर से अभिनय की शुरुआत की थी। साल 1980 में उन्होंने ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ फिल्म से हिंदी सिनेमा में कदम रखा। चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने 250 से अधिक फिल्मों में काम किया। मुश्ताक खान ने आशिकी, सड़क, हेरा फेरी, गदर: एक प्रेम कथा, मुझसे शादी करोगी, राउडी राठौर और स्त्री जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। 2007 में आई वेलकम में बल्लू के किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई। उनके निधन से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने एक अनुभवी कलाकार को खो दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top