लाइव हिंदी खबर :- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने फरार आरोपी अभिषेक पंडित के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस को आशंका है कि अभिषेक गिरफ्तारी से बचने के लिए देश छोड़कर भाग सकता है। इसी वजह से देश के सभी प्रमुख एग्जिट पॉइंट्स पर अलर्ट जारी किया गया है। अभिषेक को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक अभिषेक पंडित कथित मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित का भाई है।

उस पर गैंग के आर्थिक लेनदेन संभालने और फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपियों को पैसे पहुंचाने का आरोप है। मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम उसे पकड़ने के लिए हरियाणा के करनाल पहुंची थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो गया। जांच के दौरान पुलिस ने अगस्त 2022 से जुलाई 2024 के बीच करीब 47.23 लाख रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का पता लगाया है। पुलिस का आरोप है कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल खरीदने के लिए एक आरोपी को 57 हजार रुपये भेजे गए थे। इसके अलावा क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भी पैसों के लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि अभिषेक की गिरफ्तारी से पूरे आर्थिक नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
इस मामले में अभिषेक की पत्नी सुनेहा पंडित को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का आरोप है कि वह पति के नाम पर मौजूद बैंक खाते को संभालती थी और उसके निर्देश पर दूसरे आरोपियों को पैसे भेजती थी। उसे मामले में गिरफ्तार 13वां आरोपी बताया गया है। यह घटना 18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल ग्राउंड से बाहर निकल रहे थे तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। अभिनेता इस हमले में सुरक्षित बच गए जबकि उनके ड्राइवर और पास मौजूद एक व्लॉगर घायल हो गए थे। मुंबई पुलिस अब तक इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।