लाइव हिंदी खबर :- मणिपुर के इंफाल में वांगोई विधानसभा क्षेत्र में आज तड़के हालात अचानक बिगड़ गए, जब लगभग 50 से 60 फीट नदी का तटबंध टूट गया। तटबंध के टूटने से भारी मात्रा में आस-पास के इलाकों में पानी घुस गया। जिसके कारण घर, धान के खेत और सड़के पूरी तरह से जलमग्न हो गयी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह होते ही पानी का बहाव इतना तेज था कि कई परिवार अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को मजबूर हो गए। खेतों में खड़ी धान की फसल पूरी तरह से डूब गई। जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।

प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। राज्य आपदा प्रबंधन दल और स्थानीय प्रशासन प्रभावित गांवों में पहुंच चुके हैं। नाव और अस्थाई वेड़ों की मदद से लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। वहीं सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि तटबंध टूटने के कारण लगातार बारिश और नदी में बढ़ते जलस्तर को माना जा रहा है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्र में अस्थाई राहत शिविर बनाए जा रहे हैं, जहां विस्थापित लोगों को आश्रय और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन का कहना है स्थिति नियंत्रण करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।