लाइव हिंदी खबर :- नवी मुंबई महाराष्ट्र में साइबर पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन ठगी मामले का खुलासा किया है। अपराध शाखा के डीसीपी सचिन गुंजाल ने बताया कि अक्टूबर 2025 में साइबर पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया था, जिसमें एक व्यक्ति से शेयर बाजार में निवेश पर ऊंचे रिटर्न का लालच देकर 1 करोड़ 7 लाख की ठगी की गई थी।

इस मामले की जांच साइबर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक विशाल पाटिल द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने पीड़ित को एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा था, जहां निवेश से भारी मुनाफे का झांसा देकर पैसे ठगे गए। जांच में यह भी सामने आया कि वह व्हाट्सऐप ग्रुप अब भी सक्रिय है। पुलिस ने कहा कि इस ग्रुप के जरिए कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाए जाने की आशंका है।
साइबर टीम अब ग्रुप से जुड़े नंबरों की ट्रेसिंग और फंड ट्रांसफर के डिजिटल सबूत जुटाने में लगी हुई है। डीसीपी गुंजाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान ऑनलाइन निवेश लिंक या ग्रुप में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में ऊंचे मुनाफे के नाम पर ठग गिरोह सक्रिय हैं। किसी भी निवेश से पहले स्रोत की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।