लाइव हिंदी खबर :- कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज पुष्कर ब्रह्मा सरोवर में हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। तड़के से ही घाटों पर धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला, जहां भक्तों ने दीपदान और पूजा-अर्चना की। तीर्थ पुजारी मदन मस्त पराशर ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा का दिन धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना जाता है।

मान्यता है कि इस दिन सरोवर में स्नान करने से पापों का नाश होता है और मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि हर साल देशभर से श्रद्धालु यहां आते हैं और पुष्कर तीर्थराज में स्नान कर भगवान ब्रह्मा की पूजा करते हैं। इस अवसर पर प्रशासन ने भी सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।