लाइव हिंदी खबर :- गुवाहाटी शहर अब जल्द ही अपने नए आकर्षण गुवाहाटी रिवरफ्रंट के साथ देशभर में पहचान बनाएगा। ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर विकसित यह 1.2 किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट अब शहरवासियों और पर्यटकों के लिए खुलने जा रहा है। यह परियोजना स्मार्ट सिटी मिशन के तहत करीब 300 करोड़ की लागत से तैयार की गई है। इसे गुजरात के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है।

इस आधुनिक परियोजना में वॉकिंग और साइकलिंग ट्रैक, आरामदायक बैठने की जगहें, बच्चों के लिए प्ले ज़ोन और म्यूजिकल पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। राज्य के कैबिनेट मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने बताया कि 7 नवंबर को हमारी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुवाहाटी आएंगी और दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं गेटवे ऑफ गुवाहाटी और गुवाहाटी रिवरफ्रंट का उद्घाटन करेंगी।
गुवाहाटी रिवरफ्रंट न केवल शहर के सौंदर्य को बढ़ाएगा बल्कि इसे सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित करेगा। स्थानीय लोगों के लिए यह जगह आराम, मनोरंजन और सामाजिक मेलजोल का नया स्थल बनेगी। इस परियोजना के अंतर्गत नदी किनारे पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन जोन भी बनाया गया है। रात के समय विशेष LED लाइटिंग और संगीत फव्वारे रिवरफ्रंट की सुंदरता को और निखारेंगे।
गुवाहाटी नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड का कहना है कि यह परियोजना ब्रह्मपुत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखते हुए शहरी जीवन और प्रकृति के बीच संतुलन का प्रतीक बनेगी। 7 नवंबर को होने वाला यह उद्घाटन असम के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा, जब ब्रह्मपुत्र का किनारा शहर के विकास और संस्कृति का नया प्रतीक बनेगा।