लाइव हिंदी खबर :- अभिनेता फरहान अख्तर और अभिनेत्री राशि खन्ना ने जोधपुर पहुंचकर परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह को श्रद्धांजलि दी। दोनों अपनी आगामी फिल्म 120 बहादुर के प्रमोशन के लिए शहर में थे। यह फिल्म 1962 के रेजांग ला युद्ध पर आधारित है, जिसमें मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 120 भारतीय सैनिकों ने बहादुरी से दुश्मनों का सामना किया था।

अभिनेत्री राशि खन्ना ने कहा कि देशभक्ति पर आधारित फिल्म का हिस्सा बनना एक अलग ही अनुभव है। इस तरह की फिल्में हमें यह याद दिलाती हैं कि हमारे सैनिकों ने देश के लिए कितना बड़ा बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म न सिर्फ एक युद्ध की कहानी है, बल्कि यह साहस, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को भी दर्शाती है।

अभिनेता फरहान अख्तर ने बताया कि 120 बहादुर 21 नवंबर को रिलीज होगी। उन्होंने कहा कि जिंदगी में कुछ चीजें हम नहीं चुनते, बल्कि वो हमें चुन लेती हैं। इस फिल्म के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। जब मैंने इसकी कहानी सुनी, तो लगा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उन वीर सैनिकों को सम्मान देने का अवसर है।
जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। फरहान अख्तर और राशि खन्ना ने जोधपुर में मेजर शैतान सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि यह फिल्म आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देगी।