अनिल कपूर का नया शो, बोले- डिग्री नहीं दिमाग चलेगा

लाइव हिंदी खबर :- बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर एक बार फिर छोटे पर्दे पर धमाकेदार अंदाज में वापसी करने जा रहे हैं। बिग बॉस OTT 3 होस्ट करने के बाद अब उन्होंने अपने नए रियलिटी शो इंडिया के टॉप 1% का ऐलान किया है। हाल ही में शो का पहला प्रोमो जारी किया गया जिसमें अनिल कपूर का अलग और मजेदार अंदाज देखने को मिला। प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है और दर्शक शो को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

अनिल कपूर का नया शो, बोले- डिग्री नहीं दिमाग चलेगा

प्रोमो की शुरुआत में अनिल कपूर एक मीटिंग से बाहर निकलते हुए दिखाई देते हैं। वह अपनी टाई ढीली करते हुए कहते हैं किसी भी मीटिंग से निकलो तो दिमाग का शॉट हो जाता है। कोई हार्वर्ड से है कोई हावड़ा से है। इनकी डिग्री का क्या अचार डालूं? सिंपल सा सवाल पूछो तो रट्टू तोते की तरह किताब में घुस जाते हैं। उनका यह डायलॉग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अनिल कपूर का कहना है कि सिर्फ बड़ी डिग्री होना ही काफी नहीं है बल्कि असली पहचान तेज दिमाग और सही सोच से बनती है।

प्रोमो में आगे अनिल कपूर कहते हैं कि अब ऐसा शो बनाया जाएगा जहां किताबों की रटी हुई बातें नहीं बल्कि लोगों की सोच और समझ की परीक्षा होगी। उनका मानना है कि हर वह इंसान, जिसके पास अच्छी समझ और तेज दिमाग है वह भारत के टॉप 1% लोगों में अपनी जगह बना सकता है। शो का कॉन्सेप्ट भी इसी सोच पर आधारित है जहां प्रतिभागियों की बुद्धिमत्ता और निर्णय लेने की क्षमता को परखा जाएगा।

इंडिया के टॉप 1% का प्रसारण स्टार प्लस और जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा। हालांकि मेकर्स ने अभी इसकी रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है। प्रोमो के आखिरी हिस्से में अनिल कपूर अपने मशहूर गाने माई नेम इज लखन पर डांस करते नजर आते हैं। इस दौरान एक व्यक्ति उनसे मजाक में कहता है कि उनके आधार कार्ड में तो अनिल कपूर नाम लिखा है जिस पर अनिल हंसते हुए जवाब देते हैं ज्यादा फ्री मत बन, कल मुझसे मिल।” यह मजेदार पल दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर जल्द ही YRF स्पाई यूनिवर्स की फिल्म अल्फा में नजर आएंगे। यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा वह शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म किंग का भी हिस्सा हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म सूबेदार में उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई थी जिसमें उन्होंने एक पूर्व सैनिक का किरदार निभाया था। दर्शकों को अब उनके नए शो और आने वाली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top