लाइव हिंदी खबर :- ई-रिक्शा चालकों की बढ़ती शिकायतों के बाद केंद्र सरकार ने तीन मोबाइल ऐप के खिलाफ कार्रवाई की है। आईटी मंत्रालय ने BAT-BMS, लॉसिजी और इपोच ली-आयन जैसे ऐप को ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। आरोप है कि इन ऐप का इस्तेमाल कर कुछ लोग ब्लूटूथ के जरिए चलते ई-रिक्शा की बैटरी बंद कर रहे थे जिससे सड़क पर चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस तरह की कई घटनाओं के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

कुछ ई-रिक्शा में लगी लिथियम-आयन बैटरियों में ब्लूटूथ आधारित बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) होता है। यदि इस सिस्टम में पासवर्ड नहीं लगाया गया हो या सुरक्षा कमजोर हो तो कोई भी व्यक्ति संबंधित ऐप के जरिए बैटरी से कनेक्ट होकर उसे बंद कर सकता है। यह कनेक्शन लगभग 10 से 15 मीटर की दूरी तक संभव होता है जिसका गलत फायदा उठाया जा रहा था। यह समस्या केवल उन ई-रिक्शा तक सीमित है जिनमें बिना सुरक्षित पासवर्ड वाला ब्लूटूथ BMS लगा है।
जिन वाहनों में पुरानी लेड-एसिड बैटरी है या जिनकी बैटरी मजबूत पासवर्ड और एन्क्रिप्शन से सुरक्षित है वे इस खतरे से प्रभावित नहीं होते। इलेक्ट्रिक कारों और स्कूटरों में उन्नत सुरक्षा तकनीक होने के कारण सामान्य मोबाइल ऐप उनसे कनेक्ट नहीं कर सकते। सरकार और विशेषज्ञों ने ई-रिक्शा चालकों को सलाह दी है कि वे अपनी बैटरी के ब्लूटूथ सिस्टम की जांच जरूर कराएं। यदि बैटरी में डिफॉल्ट या कमजोर पासवर्ड लगा है तो उसे तुरंत बदलवाएं। साथ ही केवल अधिकृत डीलर या तकनीशियन से ही बैटरी की सेटिंग अपडेट कराएं। इससे अनधिकृत व्यक्ति बैटरी तक पहुंच नहीं बना पाएंगे और सड़क पर इस तरह की घटनाओं से बचाव हो सकेगा।