लाइव हिंदी खबर :- मानसून के सक्रिय होने के बाद उत्तराखंड में लगातार तेज बारिश हो रही है। रुद्रप्रयाग और चमोली समेत कई जिलों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को फिलहाल रोक दिया है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है। महाराष्ट्र में भी मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में मुंबई में 172 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने दोपहर के समय समुद्र में लगभग 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है और लोगों से समुद्र तट से दूर रहने की अपील की है। तेज बारिश के बीच साकीनाका इलाके में एक व्यक्ति खुले मैनहोल में गिर गया जिसकी मौत हो गई। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। इंदौर में तेज बहाव के कारण एक कार नाले में जा गिरी जबकि सीहोर में बारिश के पानी में कई बाइक बह गईं। प्रशासन ने लोगों को नदियों और नालों के पास जाने से बचने की सलाह दी है।
मानसून ने इस बार दिल्ली में लगभग पांच दिन और राजस्थान में करीब सात दिन की देरी से दस्तक दी है। दिल्ली में गुरुवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। राजस्थान में जयपुर, दौसा समेत करीब 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना जताई है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील की है। अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।