लाइव हिंदी खबर :- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने 80वें जन्मदिन को बेहद खास अंदाज में मनाया। उन्होंने व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप (UFC) का बड़ा आयोजन कराया जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस कार्यक्रम पर करीब 6 करोड़ डॉलर यानी लगभग 567 करोड़ रुपए खर्च किए गए। इसे अब तक का सबसे महंगा UFC आयोजन माना जा रहा है। इस खास मौके पर ट्रम्प के साथ उनकी पत्नी मेलानिया, कई वरिष्ठ अधिकारी और हजारों सैन्यकर्मी भी मौजूद रहे।

इस इवेंट में कुल सात मुकाबले आयोजित किए गए जिनमें दुनिया के कई बड़े फाइटर्स ने हिस्सा लिया। सबसे ज्यादा चर्चा लाइटवेट चैंपियनशिप मुकाबले की रही जिसमें अमेरिका के जस्टिन गेथजे और स्पेन के इलिया टोपुरिया आमने-सामने थे। चार राउंड तक चले इस मुकाबले में गेथजे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टोपुरिया को हराया और नया लाइटवेट खिताब अपने नाम कर लिया। यह टोपुरिया के करियर की पहली हार भी साबित हुई।
मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पहले ही मुकाबले में अमेरिकी फाइटर बो निकल ने काइल डाउकस को नॉकआउट कर जीत दर्ज की। जीत के तुरंत बाद वह रिंग से बाहर आए और सीधे राष्ट्रपति ट्रम्प से मिलने पहुंचे। दोनों ने हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत भी की। अन्य विजेता खिलाड़ियों ने भी ट्रम्प से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
कार्यक्रम के बाद ट्रम्प ने इसे धरती का सबसे बड़ा शो बताया। उन्होंने आयोजन स्थल की भव्यता की तुलना पेरिस के एफिल टॉवर से की। इस आयोजन से UFC को दुनिया भर में और ज्यादा लोकप्रियता मिलेगी। साल 1993 में शुरू हुई UFC आज दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स लीग बन चुकी है और व्हाइट हाउस में हुआ यह आयोजन इसके इतिहास के सबसे यादगार पलों में गिना जाएगा।