लाइव हिंदी खबर :- तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को विधायकों के लिए कई बड़े फैसलों का ऐलान किया। सरकार सभी विधायकों को नई सरकारी कार देगी। इसके साथ ही कार के रखरखाव, ईंधन और ड्राइवर के खर्च के लिए हर महीने 75 हजार रुपये का भत्ता भी दिया जाएगा। विधायकों को सहायक रखने के लिए 25 हजार रुपये मासिक भत्ता देने की भी घोषणा की गई है। सरकार के इस फैसले का विधानसभा में स्वागत किया गया। इसी दौरान TVK विधायक सिंधु ने सदन में गाना गाकर मुख्यमंत्री विजय को धन्यवाद दिया। उन्होंने तमिल अभिनेता और पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन की फिल्म के प्रसिद्ध गीत की कुछ पंक्तियां गाकर सरकार के फैसले के प्रति आभार जताया।

तमिलनाडु सरकार ने ट्रांसजेंडर लोगों के लिए भी बड़ा ऐलान किया है। उनका सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा सात सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में उन्हें अतिरिक्त मेडिकल और सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है। दूध उत्पादकों के लिए भी सरकार ने राहत का फैसला किया है। आविन ने दूध खरीदने की कीमत 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर कर दी है। इससे करीब 3.16 लाख दूध उत्पादकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इस फैसले से सरकार पर हर साल करीब 360 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।
वहीं सरकार ने छात्रों और युवाओं को राजनीतिक प्रदर्शनों में शामिल होने से रोकने वाला विवादित आदेश वापस ले लिया है। यह आदेश 18 अगस्त को जारी किया गया था। आदेश वापस लिए जाने के बाद इस मुद्दे पर सरकार को राहत मिली है। विधानसभा में सड़क निर्माण से जुड़े मामलों को लेकर डीएमके और टीवीके विधायकों के बीच भी बहस हुई। हंगामे के बाद एआईएडीएमके विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया।