पुरी, ओडिशा में आयोजित पर्यटन सम्मेलन में देशभर से आए 1,200 से अधिक टूर ऑपरेटर्स ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रभावती परीडा ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत सभी टूर ऑपरेटर्स अपनी मेहनत और समर्पण से देश के अलग-अलग स्थलों को लोगों तक पहुँचाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार और ओडिशा सरकार मिलकर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल ओडिशा के पर्यटन ढांचे को प्रदर्शित करना है, बल्कि सतत विकास, साहसिक पर्यटन और धरोहर संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर भी ध्यान केंद्रित करना है।
प्रभावती परीडा ने कहा, “भगवान जगन्नाथ की कृपा से ओडिशा पर्यटन अपनी समृद्ध संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं का संगम दिखा रहा है। यह आयोजन न केवल राज्य, बल्कि पूरे देश के पर्यटन उद्योग के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।”
इस सम्मेलन के दौरान ओडिशा के विभिन्न पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही, पर्यटन अवसंरचना में सुधार और स्थानीय लोगों की भागीदारी को लेकर भी चर्चा हुई।
सरकार का मानना है कि इस तरह के आयोजन से ओडिशा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिलेगी और यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।