लाइव हिंदी खबर :- अभिनेता मिहिर आहूजा ने अपनी पहचान बनाने के लिए लंबे समय तक मेहनत की है। जमशेदपुर से मुंबई पहुंचे मिहिर ने स्कूल के समय ही तय कर लिया था कि उन्हें अभिनेता बनना है। परिवार के कार्यक्रमों में रिश्तेदारों की नकल करने से उनका अभिनय का शौक शुरू हुआ। स्कूल में भी उन्हें कई बार लोगों की बातों का सामना करना पड़ा। एक शिक्षक ने तो उन्हें कभी सुपरस्टार न बनने तक की बात कह दी थी। मिहिर ने उस बात को चुनौती की तरह लिया और आज भी उसे अपनी मेहनत की प्रेरणा मानते हैं।

2017 में वह मुंबई आए। कॉलेज की पढ़ाई के साथ उन्होंने लगातार ऑडिशन दिए। कई बार वह अपने ऑडिशन की बात दोस्तों से भी छिपाते थे। करीब चार साल की मेहनत के बाद उन्हें विराट कोहली के साथ एक विज्ञापन में काम करने का मौका मिला।इस शूट से ठीक एक दिन पहले उनका बाइक एक्सीडेंट हो गया और हाथ में फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टर ने आराम की सलाह दी लेकिन मिहिर ने शूट को अपना बड़ा मौका मानते हुए दर्द की दवा ली और अगले दिन शूटिंग पर पहुंच गए।
इसके बाद उन्हें फिल्म सुपर 30 में ऋतिक रोशन के साथ काम करने का मौका मिला। हालांकि उनका रोल छोटा था लेकिन इससे उन्हें इंडस्ट्री का अनुभव मिला। उन्होंने मेड इन हेवन और फील्स लाइक इश्क जैसे प्रोजेक्ट भी किए। मिहिर को असली पहचान द आर्चीज से मिली जिसमें उन्होंने जुगहेड जोन्स का किरदार निभाया। उनका कहना है कि लगातार मेहनत और रिजेक्शन से मिली सीख ने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की। अब वह ऑपरेशन सफेद सागर में एयरफोर्स ऑफिसर की भूमिका में नजर आ रहे हैं।