लाइव हिंदी खबर :- बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अपने लंबे करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। मॉडलिंग से शुरुआत करने वाली शिल्पा ने मेहनत और धैर्य के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने बताया कि सफलता केवल लोकप्रियता या पुरस्कारों से नहीं मिलती, बल्कि जिंदगी के छोटे-छोटे पल भी इंसान को सबसे बड़ी खुशी दे जाते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने 14 साल के बेटे की एक बात का जिक्र करते हुए बताया कि उसी पल उन्हें अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि का एहसास हुआ।

शिल्पा शेट्टी का जन्म कर्नाटक के मंगलुरु में हुआ था। शुरुआत में उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और फिर फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाई। उनकी पहली फिल्म रिलीज नहीं हो सकी लेकिन इसके बाद उन्हें बाजीगर जैसी बड़ी फिल्म मिली जिसने उनके करियर को नई दिशा दी। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया। हालांकि एक समय ऐसा भी आया जब काम कम मिलने लगा लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रहीं। बाद में ‘धड़कन’ जैसी फिल्मों ने उन्हें फिर से सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
फिल्मी करियर के अलावा शिल्पा ने टीवी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी अलग पहचान बनाई। ब्रिटेन के रियलिटी शो सेलिब्रिटी बिग ब्रदर की विजेता बनने के बाद उन्हें दुनियाभर में पहचान मिली। उन्होंने कहा कि हर अनुभव चाहे अच्छा हो या कठिन उन्हें कुछ नया सिखाकर गया। यही अनुभव उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहे।
शिल्पा शेट्टी ने बताया कि आज उनके लिए सफलता का मतलब बदल चुका है। उन्होंने कहा कि जब उनका 14 साल का बेटा उन्हें देखकर कहता है मॉम, क्या लगती हैं आप? तो उन्हें महसूस होता है कि उन्होंने जिंदगी में सचमुच कुछ हासिल किया है। उनके अनुसार नई पीढ़ी की सोच अलग होती है और हर दौर में खुद को प्रासंगिक बनाए रखना ही किसी भी कलाकार की सबसे बड़ी सफलता है।