लाइव हिंदी खबर :- ब्राजील के साओ पाउलो राज्य में बंजी जंपिंग के दौरान हुई एक बड़ी लापरवाही ने 21 साल की युवती की जान ले ली। मृतक युवती की पहचान मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बंजी जंपिंग कराने वाले कर्मचारियों ने उन्हें सेफ्टी रोप लगाए बिना ही पुल से नीचे छोड़ दिया। इसके बाद वह करीब 130 फीट से अधिक गहराई में जा गिरीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसे देखकर लोग हैरान और दुखी हैं।

वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि कर्मचारी मारिया को पुल के किनारे लेकर जाते हैं और अचानक नीचे छोड़ देते हैं। कुछ ही सेकंड बाद वहां मौजूद लोगों को एहसास होता है कि युवती के साथ सुरक्षा रस्सी नहीं जुड़ी है। इसके बाद लोग जोर-जोर से रोप… रोप… चिल्लाने लगते हैं लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में ले लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
मारिया ने इस हादसे से कुछ समय पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जंपिंग स्थल की तस्वीरें शेयर की थीं। एक तस्वीर में उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा था आखिर किस पागल इंसान ने मुझे पुल से छलांग लगाने आने दिया? उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह पोस्ट उनकी आखिरी यादों में शामिल हो जाएगी। हादसे के वक्त उनका मंगेतर भी वहां मौजूद था। युवती की मौत की खबर सुनने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
इस हादसे के बाद ब्राजील में एडवेंचर स्पोर्ट्स की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि अगर सुरक्षा नियमों में लापरवाही साबित होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि बंजी जंपिंग जैसे रोमांचक खेल पूरी तरह सुरक्षित हो सकते हैं लेकिन इसके लिए हर सुरक्षा नियम का सख्ती से पालन करना बेहद जरूरी है। एक छोटी सी गलती भी किसी की जिंदगी छीन सकती है।