लाइव हिंदी खबर :- ब्रिटेन ने धूम्रपान को कम करने के लिए एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। अब वहां 2008 के बाद जन्मे लोग अपनी पूरी जिंदगी में कभी भी तंबाकू उत्पाद नहीं खरीद पाएंगे। सरकार का मानना है कि इस फैसले से आने वाली पीढ़ी को शुरुआत से ही इस लत से दूर रखा जा सकेगा।

सरकार द्वारा पास किया गया टोबैको एंड वेप्स बिल 1 जनवरी 2027 से लागू किया जाएगा। संसद के दोनों सदनों से मंजूरी मिलने के बाद अब यह कानून बनने की अंतिम प्रक्रिया में है। यह नियम पूरे देश में लागू होगा और इसे सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य नीतियों में शामिल किया गया है।
इस कानून की खास बात यह है कि तंबाकू खरीदने की न्यूनतम उम्र हर साल एक साल बढ़ती जाएगी, इसका मतलब यह है कि नई पीढ़ी के लोग कभी भी कानूनी रूप से सिगरेट नहीं खरीद सकेंगे, दुकानदारों के लिए उम्र जांचना अनिवार्य होगा और नियम तोड़ने पर कड़ी सजा का प्रावधान रखा गया है।
सरकार ने सिर्फ सिगरेट ही नहीं बल्कि ई-सिगरेट यानी वेपिंग पर भी सख्ती बढ़ाई है। स्कूल, अस्पताल और सार्वजनिक स्थानों पर इसे पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा, साथ ही नाबालिगों के आसपास वेपिंग करने पर भी रोक लगाई जाएगी ताकि बच्चों और युवाओं को इससे दूर रखा जा सके।
सरकार का कहना है कि हर साल हजारों लोगों की मौत तंबाकू से जुड़ी बीमारियों के कारण होती है, इस कानून से न सिर्फ लोगों की सेहत बेहतर होगी बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाला बोझ भी कम होगा। यह कदम एक स्मोक-फ्री जनरेशन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है जिससे भविष्य में समाज अधिक स्वस्थ और सुरक्षित बन सके।