भारत की 7% ग्रोथ से प्रभावित हुए ट्रम्प, बोले- ब्याज दरें घटें तो बढेगी अमेरिका की जीडीपी

लाइव हिंदी खबर :- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत की आर्थिक विकास दर का उदाहरण देते हुए अपने देश के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारत में ब्याज दरें अपेक्षाकृत कम हैं और उसकी अर्थव्यवस्था करीब 7 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ रही है। ट्रम्प का दावा है कि अगर अमेरिका में भी ब्याज दरें कम रखी जाएं तो वहां की GDP ग्रोथ 15 से 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने अमेरिकी केंद्रीय बैंक की नीतियों पर नाराजगी जताई।

उन्होंने फेडरल रिजर्व को राजनीतिक बताते हुए आरोप लगाया कि जब भी अमेरिका के आर्थिक आंकड़े अच्छे आते हैं तब ब्याज दरें बढ़ा दी जाती हैं। ट्रम्प के मुताबिक मजबूत आर्थिक स्थिति में दरें कम होनी चाहिए जिससे कारोबार और निवेश को बढ़ावा मिल सके। ट्रम्प का मानना है कि ब्याज दरें कम होने से कंपनियों और आम लोगों को सस्ता कर्ज मिलेगा। इससे उद्योगों में निवेश बढ़ेगा कारोबार का विस्तार होगा और लोगों की खर्च करने की क्षमता बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को दुनिया में सबसे कम ब्याज दरों वाले देशों में शामिल होना चाहिए।

ट्रम्प के बयान के समय अमेरिका में महंगाई दर अभी भी फेडरल रिजर्व के 2 प्रतिशत के लक्ष्य से ऊपर थी। सितंबर में व्यक्तिगत उपभोग व्यय यानी PCE महंगाई दर 3.6 प्रतिशत और कोर PCE महंगाई दर 3.1 प्रतिशत दर्ज की गई। कोर महंगाई में खाने-पीने की चीजों और ऊर्जा की कीमतें शामिल नहीं होतीं। फेडरल रिजर्व ब्याज दरों का इस्तेमाल महंगाई को नियंत्रित करने के लिए करता है। दरें बढ़ने से कर्ज महंगा होता है और खर्च कम हो सकता है जिससे कीमतों पर दबाव घटाने में मदद मिलती है। दरें कम करने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। हालांकि ट्रम्प का 15 से 20 प्रतिशत विकास दर का आंकड़ा उनका दावा है कोई आधिकारिक आर्थिक अनुमान नहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top