महाराष्ट्र में बम धमकी से हड़कंप, RSS मुख्यालय को उड़ाने की दी धमकी

लाइव हिंदी खबर :- महाराष्ट्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय और मुंबई तथा पुणे के मेयर कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए, धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और संबंधित परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया, हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

महाराष्ट्र में बम धमकी से हड़कंप, RSS मुख्यालय को उड़ाने की दी धमकी

नागपुर स्थित RSS मुख्यालय और रेशीमबाग के डॉ हेडगेवार स्मृति भवन को भी धमकी भरे ईमेल में निशाना बनाए जाने का दावा किया गया था, सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और पुलिस की टीमों को मौके पर भेजा गया, पूरे परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की गहन जांच की गई, सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।

मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका, मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य प्रमुख सरकारी इमारतों को भी धमकी भरे ईमेल मिले। ईमेल में विस्फोटक से लैस वाहन द्वारा हमले की बात कही गई थी, इसके अलावा पुणे नगर निगम और मेयर कार्यालय को भी धमकी मिलने के बाद भवन खाली कराए गए और पूरे परिसर की तलाशी ली गई। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी स्थानों पर एहतियातन निगरानी बढ़ा दी है।

जांच अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान से जुड़े नामों का इस्तेमाल किया गया था, ईमेल में कुछ संगठनों और संस्थानों के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणियां भी लिखी गई थीं। साथ ही पुराने ऐतिहासिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए बदले की बातें कही गई थीं। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ईमेल किसने और कहां से भेजे।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांत रहने की अपील की है, अधिकारियों का कहना है कि सभी जरूरी सुरक्षा उपाय लागू कर दिए गए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है, फिलहाल किसी भी तरह के खतरे की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top