लाइव हिंदी खबर :- ब्रिटेन की राजधानी लंदन में भारतीय मूल के 26 वर्षीय युवक गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या के शक में सात लोगों को हिरासत में लिया था जिनकी उम्र 20 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। हालांकि शुरुआती जांच के बाद छह लोगों को छोड़ दिया गया जबकि एक व्यक्ति को जमानत पर रिहा किया गया है। उससे आगे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस के अनुसार यह हमला रात करीब 12:30 बजे हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। गुरभेज सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन ज्यादा खून बह जाने और गहरी चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस दुखद घटना से उनके परिवार और परिचितों को गहरा सदमा पहुंचा है। इस हमले में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। लंदन पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किस वजह से किया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। गुरभेज सिंह के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह जांच एजेंसियों की मदद करे।